Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी की ओर से हेमंत सरकार के खिलाफ जारी किए गए ‘आरोप पत्र’ और ‘ठगुआ सरकार’ वाले बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने बाबूलाल मरांडी के आरोपों को ‘झूठ का पुलिंदा’ और ‘राजनीतिक हताशा’ का परिणाम बताया है।
लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि बाबूलाल मरांडी जिस ‘बर्बादी के 6 साल’ की बात कर रहे हैं, उस बर्बादी की नींव असल में उनकी ही पार्टी (भाजपा) के पिछले शासन में रखी गई थी। आरोप पत्र जारी करने से पहले बाबूलाल मरांडी को अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। उनकी पार्टी ने केंद्र और राज्य दोनों जगह लंबे समय तक शासन किया, लेकिन जनता को केवल धोखा ही दिया।
कांग्रेस प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि बाबूलाल मरांडी पुलिस पर रक्षक ही भक्षक बनने का जो आरोप लगा रहे हैं, वह बेबुनियाद है। अवैध खनन की जड़ें रघुवर दास की पिछली सरकार में कितनी गहरी थीं, यह किसी से छिपा नहीं है। हेमंत सरकार ने पहली बार अवैध खनन के खिलाफ सख्ती दिखाई है और कई भ्रष्टाचारियों को जेल भेजा है, भले ही वे कितने भी बड़े क्यों न हों। भाजपा की बेचैनी इसी सख्ती का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि बाबूलाल मरांडी को अपनी मेमोरी ताजा करनी चाहिए। उन्होंने जिन सात गारंटियों पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया है, उनमें से कई पर सरकार ने काम किया है और कई पर गंभीर प्रयास किए हैं।बीजेपी को यह भी याद रखना चाहिए की जनता ने सरकार को पाँच वर्षों के लिये चुना है ।
लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि नियोजन नीति का मामला भाजपा की पिछली सरकारों की जटिलताओं के कारण ही बार-बार कोर्ट में फंसता रहा है। हमारी सरकार ने खतियान आधारित नीति बनाने के लिए पूरी ईमानदारी से प्रयास किया है, लेकिन हर बार भाजपा समर्थित ताकतों ने कानूनी अड़चनें पैदा की हैं। इसी तरह से ओबीसी आरक्षण के बिना चुनाव कराने की मजबूरी भी अदालती फैसलों के कारण आई थी, लेकिन सरकार ओबीसी वर्ग के अधिकारों को सुरक्षित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि बाबूलाल मरांडी केवल 8,800 नियुक्ति पत्रों का मज़ाक उड़ा रहे हैं, जबकि यह एक निरंतर प्रक्रिया का हिस्सा है। हेमंत सरकार ने रिकॉर्ड समय में 16,000 से अधिक सरकारी और हज़ारों निजी नौकरियां दी हैं। अगर पिछली भाजपा सरकार पांच-छह हजार रिटायर होने वाले कर्मचारियों के पद समय पर भरती रहतीं, तो आज यह संकट ही नहीं आता। उन्होंने कहा क 450 में सिलेंडर और 7 किलो राशन का वादा केंद्र सरकार की नीतियों के कारण पूरा नहीं हो पाया है, क्योंकि केंद्र ने राज्य के संसाधनों पर लगातार कटौती की है। इसके बावजूद हमारी सरकार अपनी योजनाओं के माध्यम से गरीबों को मदद पहुंचा रही है।
लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि धर्मांतरण और चंगाई सभाओं का मुद्दा उठाकर बाबूलाल मरांडी केवल ध्रुवीकरण की राजनीति कर रहे हैं। हेमंत सरकार ने अंधविश्वास या किसी भी तरह के अवैध कार्य को कभी संरक्षण नहीं दिया है। वह धार्मिक स्वतंत्रता का सम्मान करती है, लेकिन कानून तोड़ने वाले किसी को बख़्शा नहीं जाएगा। कांग्रेस पार्टी बाबूलाल मरांडी के झूठ के पुलिंदे को खारिज करती हैं और जनता को विश्वास दिलाती हैं कि हेमंत सरकार इन राजनीतिक हमलों की परवाह न करते हुए, अपने कार्यकाल के अगले चरण में विकास और रोजगार के वादों को पूरा करने के लिए दोगुनी गति से काम करेगी।
