Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। बाबूलाल मरांडी द्वारा धान अधिप्राप्ति योजना को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को लिखे गए पत्र पर लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि भाजपा किसानों को गुमराह करने का प्रयास बंद करें।

मुख्य प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि यह हास्यास्पद है कि भाजपा के नेता उन अनियमितताओं पर सवाल उठा रहे हैं, जिनकी जांच स्वयं हेमंत सोरेन सरकार ने शुरू करवाई और जिनके जांच प्रतिवेदन को सार्वजनिक किया गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी पूरी तरह से किसानों के हित में है और इसीलिए गुमला जिले में धान खरीददारी में हुई अनियमितताओं की शिकायत मिलते ही, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर तत्काल संज्ञान लिया गया और उपायुक्त गुमला के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय जांच कमेटी का गठन किया गया था। यह जांच कमेटी हमारी सरकार की पारदर्शिता और भ्रष्टाचार के प्रति शून्य सहिष्णुता की नीति को दर्शाती है।

कांग्रेस प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने स्पष्ट किया कि जांच प्रतिवेदन के आधार पर दोषी पदाधिकारी और कर्मचारियों के खिलाफ निश्चित रूप से कड़ी कार्रवाई की जाएगी और उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। प्रक्रिया के तहत आवश्यक वैधानिक कदम उठाए जा रहे हैं। भाजपा नेताओं को यह समझना चाहिए कि किसी भी सरकारी कार्रवाई में नियमानुसार प्रक्रिया का पालन करना आवश्यक होता है।

उन्होंने कहा कि बाबूलाल मरांडी का यह कहना कि इतनी बड़ी साजिश राज्य के शीर्षस्थ पदाधिकारी या सरकार में बैठे नेतृत्व के बिना संभव नहीं है, पूरी तरह से निराधार और राजनीति से प्रेरित है। उन्हें इस तरह के गंभीर और झूठे आरोप लगाने से पहले आत्मनिरीक्षण करना चाहिए।

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी और गठबंधन सरकार किसानों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सरकार यह सुनिश्चित कर रही हैं कि इस वर्ष की धान खरीददारी में पूरी पारदर्शिता बरती जाए, वास्तविक किसानों को लाभ मिले, और बिचौलियों की भूमिका को समाप्त किया जाए। सरकार ने सभी जिलों में सख्त निगरानी के निर्देश जारी कर दिए हैं।

 

झारखंड कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता ने कहा की यह किसान के लिये सुनहरा अवसर है । इस वर्ष धान की पैदावार भी बम्फर है । सरकार द्वारा भी 2450 रू प्रति क्वांटल 48 घटा के अंदर भुगतान किया जा रहा है । बीजेपी को इसी बात की तो दिक्कत है ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!