Ranchi : झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे उनकी राजनीतिक हताशा का परिचायक बताया है। लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि बाबूलाल मरांडी अपनी खोई हुई राजनीतिक जमीन तलाशने के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और गठबंधन सरकार पर अनर्गल आरोप लगा रहे हैं।
लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि पेसा कानून को लेकर बाबूलाल मरांडी का बयान हास्यास्पद है। हेमंत सरकार आदिवासियों के जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। भाजपा ने 20 सालों तक राज्य में शासन किया, तब उन्हें पेसा नियमावली की याद क्यों नहीं आई? सरकार इसे धरातल पर उतारने के लिए गंभीर है, जबकि भाजपा केवल भ्रम फैला रही है।
कांग्रेस प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार अवैध खनन के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। जहां भी शिकायतें मिल रही हैं, प्रशासन कड़ी कार्रवाई कर रहा है। बाबूलाल मरांडी को यह बताना चाहिए कि केंद्र की एजेंसियों का उपयोग वे केवल राजनीतिक विरोधियों को डराने के लिए क्यों करते हैं, जबकि असल माफियाओं के खिलाफ भाजपा शासित राज्यों में चुप्पी साध ली जाती है।
लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि झारखंड के संसाधनों को दीमक की तरह किसने चाटा, यह राज्य की जनता अच्छी तरह जानती है। डबल इंजन की सरकार के वक्त राज्य के खजाने को लूटने वाले आज ईमानदारी का पाठ पढ़ा रहे हैं। सुवर्णरेखा नदी हो या कोयला क्षेत्र, सरकार की निगरानी सख्त है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा के पास कोई मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वे कभी बालू तो कभी शराब के नाम पर सरकार को बदनाम करने की साजिश रचते हैं। हाईकोर्ट का सम्मान सरकार पूरी तरह करती है और विधिक प्रक्रियाओं का पालन किया जा रहा है।
